तमिलनाडु में दो विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होने हैं। राज्य में राजनीतिक पार्टियों के आरोप-प्रत्यारोपों के बीच डीएमके (DMK) अध्यक्ष एम के स्टालिन ने सत्ताधारी TVK के खिलाफ तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में सीएम विजय की सरकार दो विधानसभा सीटों पर अगले महीने उपचुनाव करा रही है और लोकतंत्र खत्म हो चुका है। तमिलनाडु में मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा उपचुनाव का नतीजा 9 अक्टूबर को आएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन ने बोला तीखा हमला
गौरतलब है कि दल-बदल इस उपचुनाव का एक अहम मुद्दा बन गया है। पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा “यह थोपा गया चुनाव है। TVK इतनी घमंडी है कि दूसरी पार्टियों (AIADMK) से जीते सदस्यों से तब इस्तीफा दिलाया, जब उनकी उंगलियों पर लगी स्याही भी नहीं सूखी थी.”ये उपचुनाव ऐसे घमंड को करारा जवाब देने का एक मौका है। उन्होंने वोटरों से मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा उपचुनाव में उनकी पार्टी को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वोटर्स 6 अक्टूबर को डीएमके को अपना वोट देकर सत्ताधारी TVK को सबक सिखा दें।
मुख्यमंत्री जोसेफ विजय पर करारा हमला बोलते हुए स्टालिन ने कहा कि सीएम बेहद घमंडी हैं और अपने इस रूप को छुपाने के लिए हमेशा ग्लैमर का सहारा लेते हैं। वो प्रेस-मीडिया तक से नहीं मिलते और ना ही उनके सवालों के जवाब देते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या ये चुनाव थोपे नहीं गए हैं और क्या स्वाभाविक प्रक्रिया के तहत हो रहे हैं। स्टालिन ने कहा कि TVK दोनों सीटों पर उन्हीं लोगों को चुनाव लड़ा रही है जो पहले AIADMK के साथ थे। टीवीके ने बिना किसी शर्म के अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न ‘सीटी’ (whistle) के साथ दोनों को मैदान में उतारा है।
एम के स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय को घेरते हुए कहा कि भले ही उन्होंने फिल्मों में एक्टिंग करना छोड़ दिया है लेकिन अब वो जनता के सामने एक्टिंग कर रहे हैं और वो भी बिना ये बताए कि डायरेक्टर और कैमरामैन कौन है? पहले उनके डायलॉग के पंच आए फिर विदेशी शूट सामने आए, ये सब सिर्फ एक रील की तरह है। वो हमेशा फिल्मों में एक्टिंग के जैसे मूड में रहते हैं।
सत्ताधारी TVK ने क्या दिया जवाब?
वहीं TVK ने आरोपों पर बचाव करते हुए कहा कि दोनों विधानसभा उम्मीदवार के मरागथम कुमारवेल और पी सत्यबामा AIADMK से अलग होकर ही TVK में शामिल हुए हैं। दोनों ही विधायकों ने AIADMK के उम्मीदवारों के तौर पर 2026 के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की थी और ये इसके बाद ही उन्होंने अपने विधायक पद से इस्तीफा भी दिया था।
क्यों हो रहे हैं दो सीटों पर उपचुनाव
TVK ने मदुरंतकम सीट पर के मरगथम कुमारवेल और धारापुरम सीट पर पी सत्यभामा को मैदान में उतारा है। इन दोनों ही विधायकों ने पहले AIADMK छोड़ी और फिर अपने MLA पद से इस्तीफा दे दिया जिसके बाद ये सत्ताधारी पार्टी TVK में शामिल हो गए थे। लिहाजा इन सीटों पर उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी।
डीएमके के स्थापना दिवस पर बोल रहे थे एम के स्टालिन
एम के स्टालिन पार्टी के ‘मुप्पेरम विझा’ समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह समारोह 17 सितंबर को डीएमके के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ। इस दिन को पार्टी के संस्थापक सीएन अन्नादुरई की जयंती (15 सितंबर) के तौर पर मनाया जाता है, वहीं सुधारवादी नेता ‘पेरियार’ ईवी रामासामी के 17 सितंबर को होने वाली जयंती के तौर पर भी इसे मनाते हैं।
कर्नाटक में तुलु बनी दूसरी आधिकारिक भाषा, बेंगलुरु की जगह मंगलुरु में कैबिनेट बैठक
