पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं. वोटिंग जारी है. रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव पर AJUP उम्मीदवार गुलाम अली अहमद ने वोटिंग के बारे में बात की. उन्होंने कहा है कि उनका मुकाबला सिर्फ बीजेपी से है.
न्यूज एजेंसी एएनआई से गुलाम अली अहमद ने कहा, “अगर चुनाव निष्पक्ष होता, तो हम 100% जीतते. अभी भी पुलिस की बहुत सारी योजनाएं काम कर रही हैं. देखते हैं अब क्या होता है. किसी दूसरी पार्टी से कोई मुकाबला नहीं है, मुकाबला सिर्फ BJP से है.
पुलिस डरी हुई है
उन्होंने आगे कहा, जनता स्थिति समझ गई है, इसीलिए पुलिस डरी हुई है और लोगों को यहां वोट देने से रोक रही है. वे हर तरफ से लोगों को धमका रहे हैं और वोट न देने के लिए कह रहे हैं. वे लोगों से कह रहे हैं कि अगर वे वोट देंगे, तो वही सरकार सत्ता में बनी रहेगी और उन्हें बाद में मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा.
हुमायूं कबीर हुए गिरफ्तार
बता दें पुलिस ने AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर को वोट देने के बाद उनके ऑफिस से गिरफ्तार कर लिया गया है. हुमायूं कबीर ने वोट डालने के बाद कहा, ”आरोप तो अभी शुरू हुए हैं, पुलिस खुद कई बूथों पर वोटिंग प्रोसेस में गड़बड़ी कर रही है. भारत के गणतंत्र और संविधान के तहत, पुलिस का काम लोगों की सुरक्षा और हिफाजत सुनिश्चित करना है. यही उनका कर्तव्य है. फिर भी, वही लोग वोटिंग में गड़बड़ी कर रहे हैं.” हुमायूं कबीर के इस बयान के बाद उन्हें ऑफिस से गिरफ्तार करके रेजीनगर थाने ले जाया गया है. गिरफ्तारी के दौरान कबीर और पुलिस के बीच जमकर खींचतान हुई.
बता दें नंदीग्राम और रेजीनगर इन दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं. सुबह से वोटिंग जारी है. इस चुनाव के नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव की वोटिंग के बीच हुमायूं कबीर गिरफ्तार, उठा ले गई पुलिस
